अफसरो के घर में एक ही रात में चोरी करने वाला चोर एयरपोर्ट से हुआ गिरफ्तार

0
11

रांची. रांची में 50 से अधिक चोरियां कर चुका एक शातिर चोर सोमवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। फ्लाइट से सफर करने वाले इस करोड़पति चोर को जब पुलिस ने पकड़ा तो उसने कहा  कि वह मुंबई में कपड़े बेचने का काम करता है। इस चोर के ऊपर चोरियों के 25 केस रांची में दर्ज है।  पिछले साल 19 सितंबर को एक ही दिन 11 घरों में चोरियां कर फरार होने के बाद ये चोर चर्चा में आया था। जिन 11 घरों से इसने जो चीजें चुराई थीं उनकी कीमत करोड़ों में थी। उस वारदात के बाद से ही आरोपी चोर फरार चल रहा था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि रांची में 25 चोरियों का आरोपी सिकंदर गद्दी सोमवार को मुंबई से इंडिगो की सुबह 8:50 की फ्लाइट से आ रहा है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड करते ही पुलिस ने सिकंदर गद्दी और उसके भाई मुन्न अली उर्फ प्रिंस अली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक सिकंदर चोरी में नकद और सोना-चांदी ही चुराता था। पुलिस सिकंदर से पूछताछ कर रही है, साथ ही मुंबई पुलिस से भी संपर्क कर यह पता किया जा रहा है कि वह वहां कपड़े का कारोबार कर रहा था या वहां भी चोरी कर रहा था।

अगस्त 2019 में कोलकाता पुलिस के हत्थे चढ़ा तो चकमा देकर भाग निकला…रांची आया और सितंबर में एक ही दिन 11 घरों में की चोरी, फिर फरार हो गया

पुलिस के मुताबिक सिकंदर ने 19 जनवरी, 2019 को हावड़ा में थाने के ठीक बगल में फल व्यवसायी किशन सोनार के घर का ताला तोड़ 50 लाख के जेवरात और 5 लाख नकद चुराए थे। अगस्त में कोलकाता पुलिस ने उसे दबोच लिया, मगर वह उन्हें चकमा देकर फरार हो गया। इसके बाद वह रांची आया और 19 सितंबर को अपने एक साथी के संग 11 घरों में चोरी की।

एक ही दिन में सिकंदर ने आईएएस, आईपीएस से लेकर आईबी अफसर तक के घर में की थी चोरी

  • अरगोड़ा स्थित आईबी के एक अफसर के घर से उसने करोड़ों का सोना और नकदी चुराई।
  • अरगोड़ा में ही वसुंधरा अपार्टमेंट स्थित एक पूर्व आईपीएस अफसर के रिश्तेदार के फ्लैट से नकदी, जेवरात के अलावा डेढ़ सौ कारतूस भी चुराए।
  • अरगोड़ा में ही श्री अपार्टमेंट में सीसीएल के एक अधिकारी के घर में चोरी की।
  • डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित सिद्धी विनायक अपार्टमेंट और कार्मेला अपार्टमेंट और महादेव अपार्टमेंट में तीन घरों में चोरी की। इसमें एक विधानसभा के क्लर्क का भी घर शामिल था।
  • उसी दिन वह चुटिया के अनंतपुर में यमुना अपार्टमेंट में 4 घरों में चोरी कर चुका था। इसमें जैप टू के डीएसपी भगवान दास का भी फ्लैट शामिल था।

बाइक खराब हुई…लोगों ने घेरा तो चाकू दिखाकर डराया

19 सितंबर 2019 को सिकंदर गद्दी जब डोरंडा के शुक्ला कॉलोनी में महादेव अपार्टमेंट से चोरी कर निकल रहा था तब उसकी बाइक धोखा दे गई थी। लोगों ने घेरा, लेकिन उसने चाकू दिखाकर 25 से 30 लोगों को डरा दिया। किसी ने भी उसे पकड़ने की कोशिश तक नहीं की।

इतना टिपटॉप रहता था कि कोई चोर समझता ही नहीं था

सिकंदर चोरी करने के लिए एक पल्सर बाइक का इस्तेमाल करता था। वह अपने साथ लोहे को दो छोटे साबल दरवाजा तोड़ने के लिए रखता था। साथ में लोगों को डराने के लिए एक चाकू भी रखता था। वह हमेशा इतना टिपटॉप रहता था कि कोई चोर समझता ही नहीं था। उसके रहन-सहन, कपड़ों से उसके आस-पास के लोग हमेशा धोखा खा जाते थे। चोरी में भी वह सामान के बजाय नकदी और जेवरात पर ही हाथ साफ करता था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here